
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में फर्जी दस्तावेजों के जरिए सरकारी अभिलेख और पहचान संबंधी दस्तावेज हासिल करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरदह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों के आधार पर अलग-अलग जन्मतिथि दर्शाकर दो बार पासपोर्ट बनवाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार भारती की तहरीर पर जांच में सामने आया कि मोहम्मद किरमान पुत्र लालमोहम्मद, निवासी रसूलपुर तुंगी, थाना बरदह, ने अलग-अलग कूटरचित (फर्जी) शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों का इस्तेमाल कर दो बार पासपोर्ट बनवा लिया। इन प्रमाण-पत्रों में अलग-अलग जन्मतिथियां दर्ज थीं। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर थाना बरदह में मु0अ0सं0 249/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल से संबंधित धाराओं तथा पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 12(1)(B) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
खराट नहर पुलिया के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार, 19 जुलाई 2026 को उपनिरीक्षक अम्बुज कुमार राही के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी मोहम्मद किरमान (39 वर्ष) को खराट नहर पुलिया के पास से सुबह 11:50 बजे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अम्बुज कुमार राही, कांस्टेबल निखिल गुप्ता तथा कांस्टेबल संदेश मौर्या शामिल रहे। बरदह पुलिस की इस कार्रवाई को फर्जी दस्तावेजों के जरिए सरकारी पहचान पत्र और पासपोर्ट हासिल करने वालों के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
