रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़ । जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ईश्वरपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय अनुराधा प्रजापति के रूप में हुई है, जो कृष्ण कुमार प्रजापति की पत्नी थीं। बताया जा रहा है कि अनुराधा पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं और उनका इलाज भी चल रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। गंभीरपुर थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
मृतका के पति कृष्ण कुमार प्रजापति ने थाने में तहरीर देकर पूरी घटना की जानकारी दी है। अनुराधा की शादी वर्ष 2018 में कृष्ण कुमार से हुई थी। उनका मायका निजामाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नादौली में है। मायके पक्ष की ओर से अभी तक किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं लगाया गया है। अनुराधा एक 5 वर्षीय बेटे अयांश की मां थीं। परिवारजन उनकी अचानक मौत से सदमे में हैं।
गंभीरपुर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल पाएगा।
