रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह वही मामला है जिसमें मई माह में युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी, हालांकि वह बाल-बाल बच गया था।
वादी योगेश कुमार तिवारी पुत्र स्वर्गीय हरिनारायण तिवारी निवासी मोहल्ला कुर्मीटोला थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि बीते 11 मई की शाम करीब सात बजे पुरानी रंजिश के चलते निखिल सिंह पुत्र विनायक सिंह निवासी कालीचौरा थाना कोतवाली, उत्कर्ष सिंह पुत्र अज्ञात, आकाश सिंह उर्फ दाऊ तथा निर्भय सिंह (सभी पता अज्ञात) स्कॉर्पियो वाहन से उनके पुत्र देवाशिष तिवारी का पीछा कर रहे थे।
कोट मोहल्ला से कुछ दूरी पर अभियुक्तगणों ने देवाशिष को रोककर गाली-गलौज की और विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से तीन–चार फायर किए। गनीमत रही कि देवाशिष तिवारी बाल-बाल बच गए और भागकर अपनी जान बचाई। वादी ने यह भी बताया था कि इससे पहले भी इन्हीं अभियुक्तों ने थाना गोमतीनगर, जनपद लखनऊ क्षेत्र में उसके पुत्र की पिटाई की थी, जिसके संबंध में वहां पहले से मुकदमा पंजीकृत है।
बीती रात को चौकी प्रभारी पहाड़पुर उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त आकाश सिंह उर्फ दाऊ नालाधर्मू के पास मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अभियुक्त को नियमानुसार हिरासत में ले लिया। अभियुक्त की पहचान आकाश सिंह उर्फ दाऊ पुत्र राजेश्वर सिंह निवासी ग्राम रामनगर थाना आलापुर, जनपद अम्बेडकरनगर के रूप में हुई।
