आज़मगढ़। जिले के महराजगंज थाने का सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और पुलिस कर्मियों के अनुशासन का बारीकी से जायजा लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने सोमवार को थाना महराजगंज पहुंचकर पूरे परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण की स्थिति की जांच की। कार्यालय के विभिन्न रजिस्टरों  जैसे आगंतुक रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, अपराध रजिस्टर आदि का अवलोकन किया।
एएसपी ने थाने के कंप्यूटर रूम, हवालात, बैरक एवं शस्त्रागार का भी निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, वर्दी व अनुशासन की जांच की गई।
उन्होंने अभिलेखों के सही संधारण एवं समय से प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और फरियादियों के साथ व्यवहार में सुधार व जनसुनवाई को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। निरीक्षण के अंत में एएसपी चिराग जैन ने थाना प्रभारी को थाना परिसर की समुचित देखभाल, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु दिशा-निर्देश दिए।