आजमगढ़ । जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने खाते से ऑनलाइन फ्रॉड कर रुपये निकालने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड और 2.20 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

शनिवार को मोहम्मद मुनौवर पुत्र शमीम अहमद निवासी बाजार खास नगर पंचायत जीयनपुर ने थाना जीयनपुर में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 10 फरवरी को उनके इंडियन बैंक शाखा जीयनपुर स्थित खाते से 98 हजार रुपये तथा 11 फरवरी को 99,999 रुपये अज्ञात व्यक्ति द्वारा निकाल लिए गए। पीड़ित ने इसकी सूचना बैंक को देने के साथ ही थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने  आईटी एक्ट के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़ित के मोबाइल पर आए संदिग्ध लिंक और संबंधित नंबर की जांच की गई, जिससे पता चला कि विभिन्न स्थानों से रकम निकाली गई थी। अंतिम निकासी एक पेट्रोल पंप से हुई थी। पूछताछ के दौरान गोपाल गुप्ता पुत्र ब्रम्हशंकर गुप्ता निवासी पछौवा थाना अल्लागंज जनपद शाहजहांपुर, हाल पता दुमरी थाना जैत्रा जनपद एटा का नाम प्रकाश में आया।
सोमवार को प्रभारी निरीक्षक राज कुमार सिंह ने टीम के साथ उच्च प्राथमिक विद्यालय जीयनपुर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक एटीएम कार्ड, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, एक कूटरचित आधार कार्ड और साइबर फ्रॉड के 2 लाख 20 हजार रुपये नगद बरामद किए गए।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि  पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से खाताधारकों की जानकारी प्राप्त करता था और लिंक भेजकर साइबर ठगी को अंजाम देता था। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।