आजमगढ़। नगर के  एलवल स्थित रघुनाथ निवास पर गणेश चतुर्थी के अवसर पर विराजमान गणेश जी का विधिपूर्वक पूजन-अर्चन करने के बाद शुक्रवार को भव्य विसर्जन यात्रा निकाली गई। सुबह से ही पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला, हर तरफ भक्तिमय रंग और उल्लास छाया रहा।

यात्रा में शामिल श्रद्धालु ढोल-ताशे की गूंज और डीजे की धुन पर थिरकते रहे। लोग अबीर-गुलाल उड़ाते हुए एक-दूसरे पर रंग बिखेर रहे थे। छोटे-बड़े सभी झंडों और फूलों से सजाई गई झांकियों का आनंद ले रहे थे। बच्चे और युवा दोनों ही उत्साह के साथ इस भव्य उत्सव का हिस्सा बने। गणेश विसर्जन यात्रा रघुनाथ निवास से गौरीशंकर घाट तक निकाली गई, जहां पूरे परिवार और मित्रगण भक्ति और श्रद्धा भाव के साथ शामिल हुए। रास्ते में श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाते हुए आनंद और उल्लास का माहौल बना दिया।

मुख्य यजमान रश्मि श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने गणेश स्थापना के लिए मन्नत मांगी थी। मन्नत पूरी होने पर पूरे परिवार और मित्रगण की उपस्थिति में गणेश जी का विधिपूर्वक पूजन-अर्चन कर विसर्जन किया गया। इस अवसर ने श्रद्धालुओं के चेहरों पर आनंद और उत्सव की छटा बिखेर दी।