रिपोर्ट:आशीष निषाद
आज़मगढ़। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपनी पकड़ मजबूत करने में जुट गई है। इसी क्रम में अतरौलिया के कौड़िया बाजार में सोमवार को आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि डॉ. इंदु चौधरी ने कहा कि 9 अक्तूबर को पार्टी संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर प्रदेश स्तर पर शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक का आयोजन श्रवण निषाद द्वारा किया गया।

डॉ. इंदु चौधरी ने बताया कि बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा कर पार्टी अपनी ताकत दिखाएगी। राजधानी में विशाल रैली आयोजित करने पर भी विचार किया जा रहा है। इस दौरान सुप्रीमो कार्यकर्ताओं को आगामी रणनीति से अवगत कराएंगी और विपक्ष के भ्रामक प्रचार का जवाब देंगी।
श्रवण निषाद ने कहा कि मायावती ने समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने के लिए कई कमेटियों का गठन किया है। प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल लगातार कैडर कैंप आयोजित कर रहे हैं और अन्य दलों के नेताओं को बसपा से जोड़ने की मुहिम में लगे हैं। उन्होंने कहा कि कांशीराम का परिनिर्वाण दिवस पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का अवसर होगा और इस दिन बड़े ऐलान की संभावना भी है।
