आज़मगढ़। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में युवक व वृद्ध की मौत हो गई। तरवां थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह मजदूरी के लिए साइकिल से जा रहे युवक को ट्रक ने कुचल दिया। अतरौलिया क्षेत्र में सड़क पार करते समय पिकअप की टक्कर से वृद्ध की जान चली गई।
तरवां थानां क्षेत्र के अवनी गांव निवासी 38 वर्षीय पिंटू वर्मा मजदूरी करते थे। सोमवार सुबह साइकिल से तरवां बाजार की ओर जा रहे थे। नौरसिया गांव के पास पहुंचने पर पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे वे गंभीर रूप से घायल हुए।
उन्हें तरवां अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पिंटू के दो बेटियां और एक बेटा है। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
वही अतरौलिया थाना क्षेत्र के ईश्वरपुर पवनी गांव निवासी 78 वर्षीय सोचन प्रजापति रविवार शाम गांव से रानीपुर बाजार आ रहे थे। रानीपुर बाजार में भी उनका मकान है। सड़क पार करते समय पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सोचन के तीन बेटे और एक बेटी हैं। दोनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।