आज़मगढ़।  शहर कोतवाली पुलिस ने धनतेरस पर्व के अवसर पर चोरी हुए चांदी के आभूषणों से भरे झोले को मात्र 2 घंटे में बरामद कर पीड़ित सर्राफा व्यापारी व  स्थानीय लोगो का भरोसा मजबूत किया।

शुक्रवार को शहर  कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सीताराम निवासी अंकित वर्मा अपने पिता परमहंस वर्मा के साथ जनपद वाराणसी से लगभग 1.8 किलोग्राम चांदी के आभूषण खरीद कर रात्रि करीब 12.30 बजे रोडवेज बस से उतरे। वे ऑटो द्वारा घर जा रहे थे कि झोला भूलवश ऑटो रिक्शा में छूट गया।

घर पहुंचने पर झोला न मिलने पर उन्होंने तुरंत तलाश शुरू की, लेकिन न मिलने पर शहर कोतवाली में सूचना दी। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 3 टीमों का गठन कर झोला और ऑटो की तलाश शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों की भी गहनता से जांच की गई।

लगातार प्रयासों के बाद मात्र 2 घंटे में ऑटो रिक्शा और चांदी के आभूषणों से भरा झोला बरामद कर आवेदक को सुपुर्द किया गया। बरामद झोले में लगभग 1.8 किलोग्राम चांदी के आभूषण सुरक्षित पाए गए। थाना कोतवाली की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों ने जमकर सराहना की।