आज़मगढ़। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कल सायं कलेक्ट्रेट सभागार में गौ आश्रय स्थलों से संबंधित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने सभी पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी आदि को निर्देश देते हुए कहा कि गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश के लिए समुचित रख-रखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी आश्रय स्थलों पर हरा चारा, भूसा एवं पानी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहना चाहिए। जिलाधिकारी ने आगामी ठंड से बचाव हेतु अलाव जलाने और अन्य आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी निराश्रित गोवंश खुले में न घूमे, तथा प्रत्येक आश्रय स्थल पर निर्धारित क्षमता के अनुसार गोवंश को संरक्षित किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिन आश्रय स्थलों पर चारागाह नहीं है, वहां संबंधित विभागों से समन्वय कर तत्काल हरे चारे और चारागाह की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आश्रय स्थलों पर संरक्षित पशुओं के हित में सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।त्योहारों के दौरान पड़ने वाली छुट्टियों को देखते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी पशु चिकित्साधिकारी और खंड विकास अधिकारी मुख्यालय पर मौजूद रहें।
बैठक में जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीसी मनरेगा राम उदरेज यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सभी पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
