रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के विस्टारा गांव में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के अंदर एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई । मौके पर पहुची पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 41 वर्षीय विजयी प्रसाद निषाद निवासी विस्टारा गांव के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि मृतक आए दिन शराब पीकर घर लौटता था और पत्नी से गाली-गलौज व मारपीट करता था। शुक्रवार की देर रात भी उसने शराब पीकर घर आकर हंगामा किया, जिससे परेशान होकर उसकी पत्नी घर छोड़कर पास के मंदिर में चली गई और वहीं रात बिताई। परिजनों को लगा कि सुबह तक हालात सामान्य हो जाएंगे, लेकिन जब सुबह घर वालों ने अंदर जाकर देखा तो विजयी प्रसाद दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और घटना की जांच में जुट गई है।
