आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ की शैक्षणिक प्रगति में एक और उपलब्धि जुड़ गई। विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि सूर्य प्रकाश अग्रहरि द्वारा एलनहाउस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कानपुर के साथ एक महत्त्वपूर्ण शैक्षणिक समझौता (MoU) संपन्न किया गया, जिसकी प्रति कुलपति प्रो. संजीव कुमार को सौंप दी गई।

मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि कुलपति प्रो. संजीव कुमार के कुशल नेतृत्व में विश्वविद्यालय निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि इस समझौते का दायित्व श्री सूर्य प्रकाश अग्रहरि को सौंपा गया था, जिसे उन्होंने सफलतापूर्वक पूरा किया।

यह समझौता दोनों संस्थानों के बीच अनुसंधान, शिक्षण, प्रशिक्षण तथा अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए किया गया है। इसके माध्यम से वैज्ञानिक, तकनीकी, प्रबंधन, सामाजिक विज्ञान और अन्य विषयों में संयुक्त कार्य योजनाएं बनेंगी। दोनों संस्थान एक-दूसरे के शैक्षणिक कार्यक्रमों, शोध परियोजनाओं, शिक्षण सामग्री और साहित्य का आदान-प्रदान करेंगे।

समझौते की शर्तों के अनुसार दोनों संस्थान अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रम, संयुक्त शोध परियोजनाएं, फैकल्टी और छात्र विनिमय जैसे कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसके अलावा दोनों संस्थाएं मिलकर शोध प्रस्ताव तैयार कर उन्हें वित्त पोषण एजेंसियों के समक्ष प्रस्तुत करेंगी।

कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि यह समझौता विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों, अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत का प्रतिफल है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समझौते को प्रभावी रूप देने हेतु प्रत्येक गतिविधि के लिए पृथक कार्यान्वयन समझौता किया जाएगा, जिसमें वित्तीय और प्रशासनिक प्रावधान भी होंगे।

उन्होंने इसे उच्च शिक्षा और अकादमिक सहयोग की दिशा में एक बड़ा कदम बताया, जिससे छात्रों और शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर मिलेंगे। यह साझेदारी देश में उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करेगी।

यह MoU एलनहाउस संस्थान के डायरेक्टर प्रो. मनोज कुमार मिश्रा, एडिशनल डायरेक्टर प्रो. अतुल चतुर्वेदी, डीन रिसर्च प्रो. वरुण शुक्ल और डीन एकेडमिक्स प्रो. देव सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। अग्रहरि ने इसे कुलपति के मार्गदर्शन का परिणाम बताया।

समारोह में बरदह पी.जी. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विजय राय, शिवली पी.जी. कॉलेज के प्रो. इमरान अजीज, डॉ. प्रवेश सिंह, डॉ. सर्वेश सिंह, डॉ. नितेश सिंह सहित विश्वविद्यालय के कुलसचिव विशेश्वर प्रसाद, उपकुलसचिव, सहायक कुलसचिव और कुलपति के निजी सहायक विपिन शर्मा उपस्थित रहे।