आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ में बी.ए. एलएलबी पंचवर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स में प्रवेश हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 30 अगस्त 2025 निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र-छात्राओं से अपील की है कि सीमित 120 सीटों के लिए निर्धारित तिथि के भीतर हर हाल में रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें।
कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित प्रवेश समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि 30 अगस्त तक प्राप्त आवेदनों के आधार पर शीघ्र काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, जिससे सत्र समय पर आरंभ हो सके। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि यह कोर्स पूर्वांचल में बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि अब तक यहां के छात्रों को पंचवर्षीय विधि कोर्स हेतु बाहर जाना पड़ता था।
उल्लेखनीय है कि कुलपति प्रो. संजीव कुमार और उनकी टीम के प्रयासों से विश्वविद्यालय को बार काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली से इस कोर्स की मान्यता सितंबर 2024 में प्राप्त हुई थी। कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि 22 अगस्त से 30 अगस्त तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन समर्थ पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह मान्यता न केवल विश्वविद्यालय बल्कि पूरे जनपद के लिए मील का पत्थर है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों ने कुलपति के प्रयासों की सराहना की और इसे विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। इस अवसर पर ला फैकल्टी की टीम, उपकुल सचिव, सहायक कुल सचिव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
