आजमगढ़ । जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक जानलेवा हमला हुआ। लाठी-डंडा और चाकू से किए गए हमले में एक पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने आरोपियों में से एक को गिरफ्तार किया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

इसी वर्ष एक जनवरी को सीधा सुल्तानपुर गांव निवासी जयप्रकाश गौंड के पुत्र विशाल पर गांव के ही दीपचन्द गौंड और एक बाल अपचारी ने हमला कर दिया। आरोप है कि उन्होंने धारदार हथियार, लाठी और डंडे से विशाल पर हमला किया, जिससे उसका सिर गंभीर रूप से घायल हुआ।
शोरगुल सुनकर जयप्रकाश मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। लाठी से सिर पर वार किया और पेट में चाकू मारकर उन्हें गंभीर रूप से घायल किया। आसपास के ग्रामीणों के हस्तक्षेप पर आरोपी मौके से फरार हो गए।


पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार  को आरोपियों की तलाश की। कार्रवाई में दीपचन्द गौंड को गिरफ्तार किया गया, जबकि बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और चाकू बरामद किया गया।


पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया है और बाल अपचारी के खिलाफ विधिक कार्यवाही जारी है।