आज़मगढ़। जिले थाना मुबारकपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़िता के परिजनों ने राहत की सांस ली है।
बीते 27 दिसंबर 2025 को थाना मुबारकपुर क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के लापता होने की सूचना पर परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि एक युवक ने शादी का झांसा देकर नाबालिग को अपने साथ भगा ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर अभियुक्त की तलाश शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा लगातार पतारसी-सुरागरसी की जा रही थी। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस ने आजमगढ़ बस स्टेशन के पीछे स्थित एक सुनसान सड़क से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। मौके से नाबालिग पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद नाबालिग को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा गया।
गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना नाम संदीप उर्फ अजय राजभर पुत्र विजई राजभर, निवासी ग्राम उन्दुरा, थाना मधुबन, जनपद मऊ बताया। पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है ।
