आज़मगढ़। जिले के मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र के चार गांवों में करीब 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित इंटरलॉकिंग मार्ग एवं नाला निर्माण कार्यों का लोकार्पण बृहस्पतिवार को पूर्व विधायक एवं विधान परिषद सदस्य शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने किया।
इस दौरान एमएलसी गुड्डू जमाली ने कहा कि जनहित में विकास कार्य कराना ही उनके जीवन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक सड़क, नाला और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने बताया कि विधानमंडल क्षेत्र के लिए 6.5 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है, जिसके तहत क्रमवार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मोहम्मद अली, सलाहुद्दीन अंसारी, एखलाक अहमद, शाह आलम आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
