आज़मगढ़। जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के बेलइसा सब्जी मंडी चौराहा पर सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी।
मिली जानकारी के अनुसार, रानी की सराय थाना क्षेत्र के आरजीबाग मती कोटवा गांव निवासी जगदीश यादव (60) एक निजी विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। रोजाना की तरह गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वे साइकिल से बाजार जा रहे थे। जैसे ही वे बेलइसा रोड चौराहे पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से शिक्षक सड़क पर गिर पड़े और ट्रक के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रानी की सराय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
