रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया/आज़मगढ़। देश सेवा में शहीद हुए आईटीबीपी इंस्पेक्टर अमर प्रताप सिंह को श्रद्धांजलि देने गुरुवार को खदेरू पट्टी गांव स्थित उनके आवास पर तेरहवीं कार्यक्रम के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में पूरे क्षेत्र से भारी संख्या में लोग पहुंचे और वीर सपूत को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।


खदेरू पट्टी गांव निवासी अमर प्रताप सिंह गलवान घाटी में ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से शहीद हो गए थे। उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही जनसैलाब उमड़ पड़ा था और पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। तेरहवीं कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से उन्हें याद किया।


पूर्व जिला अध्यक्ष जयनाथ सिंह ने कहा कि अमर प्रताप सिंह क्षेत्र के होनहार सपूत थे। आईटीबीपी में इंस्पेक्टर पद पर रहते हुए भी उनका व्यवहार अत्यंत सरल था। वे हर समाज और हर वर्ग में प्रिय थे। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा क्षेत्र परिवार के साथ खड़ा है तथा माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिलकर परिवार को हर संभव सहयोग दिलाने का प्रयास किया जाएगा।


बाबा प्रथम देव के महंत ने कहा कि यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि एक ओर यह अपार दुख है, वहीं दूसरी ओर गर्व भी है कि क्षेत्र के लाल ने देश की आन-बान-शान के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने ईश्वर से शहीद की आत्मा की शांति और परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी और परिवार को ढांढस बंधाया।


श्रद्धांजलि देने वालों में शामिल डॉ. राजेंद्र प्रसाद सिंह, अखंड प्रताप सिंह, राणा प्रताप सिंह, सोनू सिंह प्रधान, राजेंद्र सिंह, बालमुकुंद सिंह, जंग बहादुर सिंह, वीरेंद्र तिवारी प्रधान, प्रमुख प्रतिनिधि संतोष यादव, अंकित गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।