आजमगढ़। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत बरदह थाना पुलिस ने एक मनचले युवक के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को उपनिरीक्षक अम्बुज कुमार राही अपने हमराह पुलिस बल के साथ एन्टी रोमियो/मिशन शक्ति चेकिंग अभियान के दौरान क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि सरावा पुलिया पर खड़ा एक युवक महिलाओं को अशोभनीय इशारे और अभद्र टिप्पणियां कर रहा है।
पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुँचकर युवक से पूछताछ की। उसने अपना नाम फरहान उर्फ साहिल, पुत्र अलाउद्दीन, निवासी ग्राम बड़गहन, थाना बरदह, बताया। आसपास के लोगों ने भी पुष्टि की कि वह प्रतिदिन पुलिया के पास बैठकर महिलाओं और बालिकाओं के साथ अभद्र व्यवहार करता है।
इस प्रकरण में थाना बरदह पर साहिल पुत्र अलाउद्दीन के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस ने साहिल को उसके घर से हिरासत में लेकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। बरदह पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को स्पष्ट किया।
