रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में हुई चार अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए  पुलिस ने एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का सामान और अवैध तमंचा बरामद किया है, जबकि उसका एक साथी अभी भी फरार है।

पहली घटना दिसंबर 2024 की है, जब भीमलपट्टी निवासी ऋषि पांडेय के घर से 33 हजार नकद, सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान चोरी हो गया था। दूसरी वारदात फरवरी 2025 में ग्राम गढ़वा में हुई, जहां चोरों ने नकदी और जेवरात पर हाथ साफ किया। तीसरी घटना अप्रैल 2025 में मुबारकपुर गांव में हुई, जिसमें अलमारी और बक्सा तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और बर्तन चोरी कर लिए गए। चौथी वारदात मई 2025 में लेदौरा गांव में हुई, जहां आलमारी तोड़कर सोने-चांदी के गहने गायब कर दिए गए।

इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने विशेष टीम का गठन किया। गुरुवार को उपनिरीक्षक नितेश चौबे ने अपनी टीम के साथ बरामदपुर पुलिया मंदिर के पास से आरोपी को दबोच लिया। उसके पास से एक तमंचा, दो कारतूस, सोने की अंगूठी, पांच जोड़ी पायल, तीन मंगलसूत्र, एक चैन, गहनों के बर्तन, चार साड़ियां और 1050 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अपने साथी धीरज कुमार के साथ मिलकर चोरी करता था और चोरी का सामान बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे। फिलहाल धीरज फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।