आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एक्सप्रेसवे के 204 चेनज प्वाइंट पर करीब साढ़े तीन बजे हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, बलिया जिले के बेल्थरा रोड क्षेत्र से एक परिवार कार से लखनऊ जा रहा था। रास्ते में अचानक बारिश होने के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में कार सवार उर्मिला सिंह (56) पत्नी अशोक सिंह निवासी थाना उभाव, बेल्थरा रोड, बलिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मृतका के पुत्र मानवेंद्र प्रताप सिंह (32) और उनके मित्र राहुल गुप्ता (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को यूपीडा कर्मियों ने एंबुलेंस की मदद से सीएचसी अहरौला पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जबकि कार में सवार  चौथा व्यक्ति  सुरक्षित बच गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।