आज़मगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र के लौदह इमादपुर गांव में देर शाम टहलने निकले एक सेवानिवृत्त बैंककर्मी की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, लौदह इमादपुर निवासी रूपचंद पासवान (61) एक वर्ष पूर्व बैंक से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद वे गांव के उत्तरी हिस्से में खुद के बनाए पोखरे में मत्स्य पालन का कार्य करते थे। रविवार देर शाम वह रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और जब पोखरे के पास पहुंचे तो रूपचंद का शव पानी में तैरता मिला।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रूपचंद पासवान दो पुत्रों के पिता थे। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।