आज़मगढ़। जिले के  निजामाबाद–फरिहा रोड पर  देर शाम बिजली के काम से लौट रहे एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बाइक और दूसरे वाहन की टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।


मिली जानकारी के अनुसार सिधारी थाना क्षेत्र के पल्हनी गांव निवासी जितेंद्र राजभर (30) सोमवार की शाम किसी कार्य से निजामाबाद गए थे। वापस लौटते समय उनकी बाइक निजामाबाद–फरिहा रोड पर किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया।

परिजनों ने उन्हें सिधारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मंगलवार की भोर करीब चार बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया गया कि जितेंद्र की शादी मात्र आठ माह पहले हुई थी और उनकी पत्नी सुषमा गर्भवती हैं। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। दो भाइयों और दो बहनों में जितेंद्र दूसरे नंबर पर थे।