आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह सर्पदंश से एक व्यक्ति की मौत हो गई। चारा काटते समय सर्प ने डंस लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दौलतपुर कुसहा के रहने वाले 57 वर्षीय सगीना यादव शनिवार की सुबह लगभग सात बजे सिवान में मवेशियों के लिए चारा काट रहे थे। चारा काटते समय उनके दाहिने पैर में विषैले सर्प ने डंस लिया। वह तुरंत घर लौटे और पत्नी व परिजनों को जानकारी दी। पत्नी के कहने पर परिजन पड़ोसियों के साथ उन्हें इलाज के लिए मेंहनगर स्थित एक होम्योहाल लेकर पहुंचे, जहाँ होम्योपैथिक चिकित्सक ने इलाज शुरू किया। इलाज के दौरान सगीना अचेत हो गए, जिसके बाद परिजन उन्हें खरिहानी बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक ले गए। वहाँ चिकित्सक ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि एक सप्ताह पहले सगीना की पत्नी मन्ती देवी को सर्प ने डंस लिया था। तब उनका भी इलाज इसी चिकित्सक ने किया था और वह ठीक हो गई थीं। इसी वजह से परिजन सगीना को उसी चिकित्सक के पास लेकर गए थे। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्रीय लेखपाल सुनील यादव मौके पर पहुँचे और रिपोर्ट बनाकर प्रशासन को सौंप दी।
