आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित भव्य परेड में शामिल होकर सलामी ग्रहण की। इसके बाद उन्होंने परेड में भाग लेने वाले दस्तों का निरीक्षण किया, जिसमें डॉग स्क्वायड, ड्रोन कैमरा दल तथा अन्य इकाइयाँ शामिल थीं। इस अवसर पर एसपी ने उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को शिस्तबद्ध होकर कार्य करने तथा अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने पुलिस लाइन स्थित विभिन्न कार्यालय शाखाओं का दौरा किया। इनमें आरक्षी मेस, बैरक, आवासीय परिसर, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, आरटीसी कार्यालय, सब्सिडी कैंटीन, जनपद नियंत्रण कक्ष, मोटर वाहन शाखा, स्टोर, क्वार्टर गार्द, शस्त्रागार, गैस एजेंसी और नफीस कार्यालय सहित कई अन्य विभाग शामिल थे। प्रत्येक स्थान पर उन्होंने व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और आवश्यक सुधार हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने यूपी-112 की दोपहिया व चारपहिया वाहनों का निरीक्षण कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। वाहन संचालन में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर प्रभारी यूपी-112 को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया। परेड के दौरान तैनात कर्मियों की कार्यकुशलता और दक्षता की भी जांच की गई। एसएसपी ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान वर्दी में सुसज्जित रहें और कर्तव्यनिष्ठा व ईमानदारी के साथ जनता से शालीन एवं मधुर व्यवहार करें

इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नगर विवेक त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, क्षेत्राधिकारी नगर गौरव शर्मा और प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।