आजमगढ़ । जिले में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक हादसा आजमगढ़-वाराणसी राजमार्ग पर हुआ, वहीं दूसरा मुबारकपुर-सठियांव मार्ग पर सामने आया।

मिली जानकारी के अनुसार आजमगढ़-वाराणसी राजमार्ग पर गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अमौड़ा मोहिउद्दीनपुर स्थित टोल प्लाजा के पास सवारी से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो ठेकमा से सवारी लेकर आजमगढ़ की ओर जा रहा था। टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से मोहम्मदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान भोभल (70) पुत्र बैरुन, निवासी दरियापुर बसही की मौत हो गई। वहीं रेशमी (61) पत्नी शिव शंकर विश्वकर्मा और वंश (9) पुत्र आतिश विश्वकर्मा का उपचार जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।


वहीं दूसरी घटना बुधवार सुबह मुबारकपुर-सठियांव मार्ग पर हुई। यहां गन्ने से लदे ट्रैक्टर ने साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान आदमपुर निवासी रामबचन चौहान (64) के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर सहित चालक को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी शशिमौली पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।