रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के गोठांव बुद्ध विहार के समीप सोमवार की रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दीदारगंज थाना क्षेत्र के गोसड़ी गांव निवासी 38 वर्षीय भगवान पांडेय सोमवार को किसी कार्य से बाहर गए थे। देर रात लगभग 10 बजे वह नन्दाव बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बरदह थाना क्षेत्र के गोठांव बुद्ध विहार के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
हादसा के बाद बाइक पलटने से भगवान पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें तुरंत उठाकर स्थानीय लोगों की मदद से प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की, लेकिन चोट अधिक होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
