आजमगढ़।  जिलाधिकारी  रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  हेमराज मीना ने हरिऔध कला केन्द्र परिसर में आयोजित तिरंगा महोत्सव का अवलोकन किया। ज़िला प्रशासन द्वारा लगाए गए इस आयोजन में विभिन्न स्वयं सहायता समूह, कृषक उत्पादन संगठन, ओडीओपी, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, उद्यान विभाग और पर्यटन विभाग सहित कई इकाइयों की प्रदर्शनी लगाई गई।

इसके साथ ही ऑडिटोरियम में भव्य तिरंगा म्यूजिकल कांसर्ट का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में आदर्श मिश्रा और बृजेश चौहान (दिव्यांग) ने लोकगायन प्रस्तुत किया, जबकि राबी डान्स इंस्टीट्यूट ने देशभक्ति समूह नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जिलाधिकारी ने सभी कलाकारों को मोमेण्टो देकर सम्मानित किया और उनकी सराहना की।

जिलाधिकारी ने कहा कि कलाकारों की प्रस्तुति ने आजादी, स्वतंत्रता और देशभक्ति की भावना को पूरे ऑडिटोरियम में गूंजा दिया। उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान का आज अंतिम दिवस है, जबकि 13 से 15 अगस्त तक इसका तृतीय चरण चलेगा। हरिऔध कला केन्द्र में लगी प्रदर्शनी का लाभ उठाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग की एक शिक्षिका ने गणित को सिखाने की बेहद आसान विधि प्रदर्शित की है, जिसे हर विद्यालय में अपनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि तृतीय चरण के तहत सभी लोग अपने घर, दुकान, प्रतिष्ठान, चौक, चौराहे और कार्यालयों पर मजबूती से तिरंगा लगाएं। तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर संस्कृति विभाग की वेबसाइट www.harghartiranga.com पर पंजीकरण के बाद फोटो अपलोड करें। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से बच्चों से अपील की कि वे स्वयं और अपने अभिभावकों को भी तिरंगा झंडे के साथ सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को समाज हित में अच्छा कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कहीं तिरंगा जमीन पर गिरा मिले तो उसे सम्मानपूर्वक उठा लें, साफ करके अगले वर्ष के लिए सुरक्षित रखें या नियमानुसार निस्तारण करें।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में लगभग 7 लाख परिवार हैं। आधे तिरंगे वितरित हो चुके हैं और शेष खंड विकास अधिकारी या नगर पालिका/नगर पंचायत कार्यालयों में उपलब्ध हैं। उन्होंने आग्रह किया कि जिसे तिरंगा न मिला हो, वह संबंधित कार्यालय से प्राप्त करे। उनका कहना था कि उद्देश्य यही है कि कोई भी व्यक्ति तिरंगे से वंचित न रहे और सम्मानपूर्वक इसे लगाए।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी प्रशासन  राहुल विश्वकर्मा, मुख्य कोषाधिकारी  अनुराग श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी  संजय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक एवं डीसी मनरेगा  राम उदरेज यादव, खाद्य अभिहित अधिकारी सुशील मिश्रा, उपायुक्त उद्योग  एसएस रावत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी  ब्रजेश श्रीवास्तव, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई श्री राजेश कुमार गुप्ता, जिला युवा कल्याण अधिकारी और पर्यटन सूचना अधिकारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।