आजमगढ़। जिले के थाना मुबारकपुर पुलिस ने रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्ति चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के मोबाइल फोन और अवैध हथियार के साथ एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस की यह कार्रवाई नीबी अंडरपास के नीचे की गई, जहां मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित घेराबंदी कर अभियुक्त को दबोच लिया।


गिरफ्तार युवक ने अपना नाम शुभम कुमार पुत्र मुकेश बताया है, जो थाना बिलरियागंज क्षेत्र के ग्राम सियरहा का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो चोरी के मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और नकद रुपये बरामद किए गए।


पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अभियुक्त पहले से ही चोरी के एक मामले में वांछित चल रहा था और उसकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद अवैध हथियार और कारतूस की बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ अलग से मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है।