रिपोर्ट; अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदपुर गांव की निवासिनी सहायक अध्यापिका प्रज्ञा राय ने पुलिस उप महानिरीक्षक को तहरीर देकर महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष पर मानहानि, साइबर क्राइम, जान से मारने की धमकी, एससी-एसटी एक्ट में झूठा फंसाने और मानसिक उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई। डीआईजी के निर्देश पर नगर कोतवाली पुलिस ने जिलाध्यक्ष शिखा मौर्या, उनकी बहन स्वप्निल मौर्या, भाई अरुण मौर्या और भाभी कंचन मौर्या पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
प्रज्ञा राय ने डीआईजी को बताया कि वह अपराजिता संस्था की सचिव और उत्तर प्रदेशीय महिला शिक्षक संघ की मंडल अध्यक्ष हैं। वह 2015 से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं और उनकी छवि स्वच्छ व सम्मानित है। उन्होंने कुशीनगर में मुसहर समुदाय के लिए शिक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम किया और कोरोना काल में हजारों लोगों की मदद की। उन्होंने आरोप लगाया कि शिखा मौर्या और उनके परिवार ने सुनियोजित तरीके से उनकी छवि धूमिल करने के लिए सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर झूठे आरोप लगाए। उनके नाम और फोटो का दुरुपयोग कर आपत्तिजनक सामग्री फैलाई गई। उन्हें जान से मारने, एससी-एसटी एक्ट में झूठा फंसाने और आत्महत्या के लिए उकसाने की धमकियां दी। स्वप्निल मौर्या ने वीडियो बनाकर जातिसूचक टिप्पणियां कीं और कहा कि पंडित, बाभन, क्षत्रिय, भूमिहार मेरे तलवे चाटते हैं। इन कृत्यों से हमारी पारिवारिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और वह मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने इस कार्य के लिए डीआईजी से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की। डीआईजी के निर्देश पर नगर कोतवाली पुलिस ने महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष शिखा मौर्य, उनकी बहन स्वप्निल मौर्या, भाई अरुण मौर्या और भाभी कंचन मौर्या पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है।

शिखा मौर्य, जिलाध्यक्ष महिला शिक्षक संघ ने बताया कि सोशल मीडिया पर मेरी एक पोस्ट को लेकर इन लोगों द्वारा टिप्पणी की गई थी। जिसे लेकर विवाद हो गया था। इस पर इनके पुत्र द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में उनके द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया है मुझे इसकी जानकारी नहीं है

शिक्षिका प्रज्ञा राय द्वारा डीआईजी महोदय से इस मामले की शिकायत की गई थी। उनके निर्देश पर चार लोगों के खिलाफ छींटाकशी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
शशिमौलि पांडेय, कोतवाली प्रभारी।