आजमगढ़। जिले के सदर तहसील के मुबारकपुर क्षेत्र के ढकवा गांव की बेटी प्रीति यादव ने ग्रीस की राजधानी एथेंस में हुई सात दिन की अंतरराष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर देश का नाम रोशन किया। यह चैंपियनशिप 28 जुलाई से 3 अगस्त तक आयोजित हुई थी।
प्रीति ने भारत की तरफ से कई देशों के खिलाफ शानदार खेल दिखाया। उन्होंने ब्राजील, किर्गिस्तान और यूडब्ल्यूडब्ल्यू कॉर्सियर-सुर-वेवे की टीमों को हराया। हालांकि फाइनल में भारत को अमेरिका से हार मिली, लेकिन प्रीति के शानदार प्रदर्शन ने सभी का दिल जीत लिया। दिल्ली एयरपोर्ट पर रविवार को प्रीति यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सोमवार को कैफियात एक्सप्रेस से आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने पर भी प्रीति का भव्य स्वागत हुआ। आरपीएफ थाना प्रभारी अभय कुमार राय ने फूलों का गुलदस्ता देकर उन्हें सम्मानित किया। रेलवे स्टेशन से गांव तक लौटते समय शाहगढ़, सठियांव, मुबारकपुर, बम्हौर जैसे कई गांवों में लोगों ने प्रीति का जोरदार स्वागत किया। जगह-जगह भारत माता की जय, मुबारकपुर की शेरनी ज़िंदाबाद जैसे नारे लगाए गए।
गांव पहुंचने पर कुश्ती संघ और स्थानीय लोगों ने स्वागत समारोह रखा, जिसमें तहसीलदार यादव, अवधेश यादव, श्यामनारायण यादव, कोच सुरेश यादव और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि यह पहली बार है जब आजमगढ़ की किसी बेटी ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। प्रीति की यह उपलब्धि पूरे जिले और प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
