आज़मगढ़ । जिले में इस बार धान खरीद ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 104 प्रतिशत खरीद कर जनपद मंडल में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। मंडल के तीनों जिलों में लक्ष्य से अधिक खरीद हुई है, जबकि धान खरीद की अंतिम तिथि 28 फरवरी निर्धारित है।

मिली जानकारी के अनुसार जनपद में एक नवंबर से शुरू हुई धान खरीद 28 फरवरी तक जारी रहेगी। जिले को कुल 63,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य दिया गया था, जिसके सापेक्ष अब तक 65,999 मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीद की जा चुकी है। यह निर्धारित लक्ष्य का 104 प्रतिशत से अधिक है।
खरीद के लिए विभिन्न एजेंसियों के 86 क्रय केंद्र बनाए गए थे। विपणन विभाग को 38,000 एमटी का लक्ष्य दिया गया था, जिसके सापेक्ष 40,376 एमटी धान की खरीद कर 106.25 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया। पीसीएफ को 24,600 एमटी का लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष 25,241 एमटी धान की खरीद कर 102.61 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई। वहीं भारतीय खाद्य निगम के एक क्रय केंद्र पर 400 एमटी लक्ष्य के सापेक्ष 382 एमटी धान की खरीद की गई, जो 95.50 प्रतिशत है।
मंडल में बलिया जनपद 110 प्रतिशत खरीद के साथ पहले स्थान पर है। यहां 1,03,000 एमटी लक्ष्य के सापेक्ष 1,13,599.41 एमटी धान खरीदा गया। वहीं मऊ जनपद में 55,000 एमटी लक्ष्य के सापेक्ष 59,399.66 एमटी धान की खरीद कर 108 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई।
अधिकारियों के अनुसार अब क्रय केंद्रों पर धान की आवक कम हो गई है, जिससे सन्नाटा पसरा हुआ है। सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2300 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। 99 प्रतिशत किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान कर दिया गया है।
मंडल स्तर पर कुल 2,21,000 एमटी लक्ष्य के सापेक्ष 2,38,998.77 एमटी धान की खरीद की जा चुकी है, जो 108.14 प्रतिशत है। खरीद की प्रक्रिया अभी 28 फरवरी तक जारी रहेगी, ऐसे में आंकड़ा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।