रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। आगामी दीपावली पर्व पर जहां लोग घरों में रौनक लाने और रिश्तेदारों को मिठाइयों से मिठास बांटने की तैयारी में जुटे हैं, वहीं जिले में मिलावटी मिठाइयों का जाल बुनने वालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा शिकंजा कसा है। विभाग की टीम ने बुधवार की देर रात नरौली क्षेत्र में छापा मारकर भारी मात्रा में मिलावटी खाद्य पदार्थ बरामद किए, जो दीपावली पर बाजारों में बिक्री के लिए भेजे जाने वाले थे।
मिली जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने नरौली स्थित मौर्य ट्रेडर्स और मौर्य डेयरी पर छापेमारी की। जांच के दौरान पाया गया कि प्रतिष्ठित कंपनी अमूल का नाम लिखकर अस्वच्छ परिस्थितियों में पनीर, खोवा, सोन पापड़ी, रसगुल्ला व अन्य मिठाइयों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। मौके पर करीब 20 क्विंटल से अधिक पनीर और मिठाइयां बरामद की गईं, जो त्योहारी सीजन में बाजार में उतरने वाली थीं।
प्रारंभिक जांच में इन सभी उत्पादों को संदिग्ध पाया गया। विभागीय अधिकारियों ने नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया है। साथ ही मौके पर ही पनीर, खोवा, रसगुल्ला और अन्य मिठाइयों को गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया गया, ताकि ये किसी भी रूप में बाजार में न पहुंच सकें।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार मिश्रा ने कहा कि त्योहारी सीजन में मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं और लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करते हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की कि खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेट पर लिखी एक्सपायरी डेट, कंपनी का नाम और एफएसएसएआई नंबर अवश्य जांचें।
विभाग ने चेतावनी दी है कि दीपावली के मद्देनज़र जिलेभर में अभियान तेज रहेगा और मिलावटखोरी करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
