रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के थाना अहरौला पुलिस ने विभिन्न चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि इन अभियुक्तों के कब्जे से चोरी का सामान और चोरी की बिक्री से प्राप्त नकद बरामद किया गया।

थाना अहरौला क्षेत्र में हाल ही में घटित तीन प्रमुख चोरी मामलों में पुलिस सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए  लगातार प्रयास कर रही थी। बुधवार को सुबह तड़के उ0नि0 सुधीर कुमार सिंह व उ0नि0 कुलदीप सिंह मय टीम ने मुखबिर की सूचना पर बरामदपुर पुलिया के किनारे बने मंदिर के पास से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सौरभ, पुत्र लालजीत , डब्बू राजभर पुत्र लल्लन,  आनन्द पुत्र रामचन्दर   और सन्नी उर्फ शनि, पुत्र धर्मेन्द्र निवासीगण निजामपुर, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ शामिल है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से विभिन्न मुकदमों से संबंधित चोरी का सामान बरामद हुआ। इसमें दो इन्वर्टर एवं बैट्री,  एक जोड़ी झुमकी (पीली धातु), एक माला, एक जोड़ी पायल (सफेद धातु) , कान का सुई-धागा (पीली धातु), एक सीसीटीवी DVR बॉक्स और चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त ₹1410/- नकद शामिल हैं।