रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले की  पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2023 से अपहृता 17 वर्षीय किशोरी को राजस्थान के ब्यावर जनपद से सकुशल बरामद कर लिया गया है। इस कार्रवाई में एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया गया है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आज़मगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विवेचना निस्तारण अभियान के तहत थाना ए0एच0टी0, जनपद आज़मगढ़ की टीम ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। पुलिस टीम द्वारा वर्ष 2023 से गुमशुदा/अपहृता 17 वर्षीय किशोरी को जनपद ब्यावर, राजस्थान से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिलाया गया। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी के निर्देशन में रविवार  को की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि  मामला थाना तरवां, जनपद आज़मगढ़ में वर्ष 2023 में पंजीकृत मुकदमे की  विवेचना मार्च 2025 में  थाना ए0एच0टी0 को स्थानांतरित की गई थी। जिसके बाद थाना ए0एच0टी0 की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए पीड़िता को थाना रामयपुर, जनपद ब्यावर (राजस्थान) क्षेत्र से बरामद किया। बरामदगी के दौरान पीड़िता के साथ पाए गए अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए जिला कारागार आज़मगढ़ भेज दिया गया।