
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में संगठित अपराध और भूमाफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीटर एवं भूमाफिया कृष्णचन्द्र राय उर्फ के.सी. राय की करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की आलीशान अचल संपत्ति को कुर्क करने का आदेश प्राप्त किया है। यह कार्रवाई धारा 107 बीएनएसएस के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। वहीं पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 92/2026 की विवेचना के दौरान सामने आया कि के.सी. राय ने फर्जी खतौनी के जरिए जमीन की ठगी, गैंगस्टर गतिविधियों, धोखाधड़ी, कूटरचना और अन्य संगठित अपराधों से अर्जित अवैध धन से ग्राम कोडर अजमतपुर में वर्ष 2012 से जमीन खरीदकर एक बहुमंजिला आलीशान इमारत खड़ी की। बाद में अपराध से अर्जित धन से उसका लगातार विस्तार और रिनोवेशन भी कराया गया।
अपराधियों का अड्डा बनी थी इमारत
विवेचना में यह भी सामने आया कि यह इमारत गैंग के सदस्यों के जमावड़े और आपराधिक गतिविधियों की योजना बनाने का प्रमुख केंद्र बनी हुई थी। राजस्व विभाग द्वारा भूमि और लोक निर्माण विभाग द्वारा भवन का मूल्यांकन कराए जाने पर इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई।
कोर्ट ने माना- वैध आय का कोई स्रोत नहीं
पुलिस की प्रभावी विवेचना के आधार पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यबीर सिंह ने माना कि अभियुक्त ने अपराध से अर्जित धन से ठगी का साम्राज्य खड़ा किया और उसके पास भवन निर्माण या बैंक ऋण की किस्तें चुकाने के लिए कोई वैध आय का स्रोत नहीं था। इसके बाद न्यायालय ने धारा 107 बीएनएसएस के तहत संपत्ति कुर्क करने का आदेश पारित करते हुए तहसीलदार को संपत्ति का प्रशासक नियुक्त किया।
पहले ही जेल भेजा जा चुका है गैंगस्टर
पुलिस के मुताबिक, कृष्णचन्द्र राय उर्फ के.सी. राय वर्तमान में जेल में निरुद्ध है और प्रशासनिक आधार पर उसे पहले ही अम्बेडकरनगर कारागार स्थानांतरित किया जा चुका है।
एसएसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी की मौजूदगी में थाना कोतवाली पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने की।
16 मुकदमे दर्ज, गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर आरोप
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कृष्णचन्द्र राय के खिलाफ आजमगढ़ के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी, गैंगस्टर एक्ट, आपराधिक षड्यंत्र, एससी/एसटी एक्ट, अपहरण और रंगदारी समेत 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का संदेश
आजमगढ़ पुलिस ने कहा कि संगठित अपराध, गैंगस्टरों और भूमाफियाओं के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को जब्त कर अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।
