रिपोर्ट: अरुण यादव


आज़मगढ़।  पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। यह हादसा थाना अहरौला क्षेत्र के पूरादुबे गांव के पास शाम करीब 6 बजे हुआ, जब एक पिकअप वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अरविंद कुमार (36 वर्ष), निवासी नारायणपुर रामगढ़, अंबेडकरनगर की मौके पर ही मौत हो गई।

अरविंद कुमार पेशे से लकड़ी काटने का कार्य करते थे। घटना के समय वह काम समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह जमीरपुर मोड़ के पास पहुंचे, तभी अचानक पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही समय में पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। अरविंद को अहरौला सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और एफआईआर दर्ज की जा रही है।

बताया गया कि अरविंद अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और तीन बच्चों के पिता थे। वे मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मृत्यु से परिवार में कोहराम मच गया है।