रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के संजरपुर बाजार के पास सोमवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घायल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, निजामाबाद थाना क्षेत्र के मोहनाठ गांव निवासी 28 वर्षीय मोनू और 25 वर्षीय सोनू सरायमीर थाना क्षेत्र के संजरपुर स्थित एक बेकरी पर काम करते थे। सोमवार की रात करीब आठ बजे दोनों काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे संजरपुर बाजार के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें मंडलीय जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोनू का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
