आज़मगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र के माहुल–पवई मार्ग पर मंगलवार देर रात सड़क पार कर रही नीलगाय को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर पलटने से युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
अहरौला थाना क्षेत्र के गुमकोठी गांव निवासी सर्वेश राजभर (19) अपने साथी लाला राजभर (21) के साथ बाइक से रामापुर बाजार गया था। घर लौटते समय जैसे ही उनकी बाइक शाहराजा गांव मोड़ के पास पहुंची, अचानक नीलगाय सड़क पर आ गई। उसे बचाने की कोशिश में सर्वेश की बाइक खाई में जा गिरी।
हादसे में सर्वेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा लाला गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से उसे माहुल स्थित एक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
परिवार के लोगों ने सर्वेश का शव घर लाकर बिना किसी औपचारिक सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया। बताया जा रहा है कि सर्वेश दो भाइयों में छोटा था, जबकि बड़ा भाई फर्नीचर का कारोबार करता है।
