आज़मगढ़/ जौनपुर। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र और जौनपुर के खेतासराय थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित बेसो नदी से रविवार की शाम तीन मासूम बच्चों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, भादो और सोगर मार्ग पर नदी में मछली पकड़ रहे ग्रामीणों ने देखा कि बेडशीट में पटिया और बालू के साथ लिपटे हुए शव बह रहे हैं। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर दीदारगंज एसओ, चौकी इंचार्ज मार्टीनगंज और खेतासराय एसओ पहुंचे और शवों को नदी से बाहर निकलवाया।
बताया जा रहा है कि बरामद शवों में आठ साल का लड़का, छह साल की लड़की और दो साल का लड़का शामिल हैं। तीनों शव पूरी तरह नग्न अवस्था में थे और हाथ-पांव काले धागे से बंधे हुए थे। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
शव बरामदगी के बाद आज़मगढ़ और जौनपुर की पुलिस के बीच तकरीबन एक घंटे तक सीमा विवाद भी चला। इसके बाद लेखपालों को बुलाया गया और स्थिति स्पष्ट होने पर जौनपुर के खेतासराय पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि ये शव सरायमीर थाना क्षेत्र के कौराहगनी गांव निवासी रमेश बनवासी के बच्चों के हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि रमेश के पांच बच्चे बीमार थे, जिनमें से तीन की मौत हो चुकी है जबकि दो अभी भी बीमार हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
