रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के एलवल मुहल्ले में शुक्रवार शाम एक मामूली सड़क हादसा हिंसक विवाद में बदल गया। कार और ई-रिक्शा की टक्कर के बाद कार चालक ने ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट की और उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर उठाकर ले गया। जिसके बाद इलाके में हड़कम्प मच गया।


बताया गया कि टक्कर के तुरंत बाद कार चालक ने ई-रिक्शा चालक अरुण को दुकान के अंदर पिटाई की। कुछ देर बाद अरुण वापस मौके पर आया और बताया कि कार चालक ने उसे कोतवाली गेट तक ले जाने और पुलिस के हवाले करने की धमकी दी। इसके बाद उसने 800 रुपये नकद और 1000 रुपये ऑनलाइन लेकर छोड़ दिया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें एक व्यक्ति को दुकान के अंदर युवक को पीटते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में मौजूद लोगों ने बताया कि मारपीट करने वाला व्यक्ति कार चालक और पीड़ित ई-रिक्शा चालक अरुण है।

कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।