आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के हांसापुर खुर्द गांव निवासी युवक की अंबेडकरनगर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के तिघरा गांव में हत्या कर दी गई थी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही अहरौला थाना प्रभारी प्रदीप कुमार परिजनों को समझाने पहुंचे, लेकिन वे नहीं माने। बाद में तहसीलदार से फोन पर हुई वार्ता के बाद मिले आश्वासन पर करीब डेढ़ घंटे बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। देर रात शव का अंतिम संस्कार किया गया।
मृतक की मां तारा देवी की तहरीर पर अंबेडकरनगर के जैतपुर थाने में चार लोगों काली प्रसाद जायसवाल, रामसिंह उर्फ बड़े टिल्लू, अवनीश यादव और पंकज गिरी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
परिजनों के अनुसार राजकमल यादव उर्फ बंटी बृहस्पतिवार को अहरौला बाजार बाईपास पर एक चाय दुकान पर बैठा था। तभी दो बाइक पर सवार चार युवक पहुंचे और राजकमल को साथ ले गए। कुछ घंटे बाद अंबेडकरनगर के तिघरा गांव की झाड़ियों में राजकमल का खून से लथपथ शव मिला। पास ही एक बाइक भी पड़ी थी।
सूत्रों के मुताबिक, अंबेडकरनगर पुलिस प्रॉपर्टी के लेनदेन और प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच कर रही है। वहीं एसओजी टीम ने देर शाम अहरौला बाजार में कई संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दी।
राजकमल दो बहनों में इकलौता भाई था। पिता रामजी यादव सहकारी बैंक से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे, जिनका निधन हो चुका है। अब मां तारा देवी एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। बेटे की मौत से घर का चिराग बुझ गया है।
