आज़मगढ़। क्रिसमस पर्व को लेकर जिले में उल्लास और उमंग का माहौल है। चर्चों और ईसाई समाज के लोगों के घर रंग-बिरंगी लाइटों से सजे हुए हैं। सिविल लाइंस स्थित होली ट्रिनिटी चर्च में विशेष प्रार्थनाओं के साथ प्रभु यीशु के जन्मोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जैसे-जैसे रात हुई, पूरा इलाका रोशनी और भक्ति के रंग में डूबता नजर आया।

मिली जानकारी के अनुसार क्रिसमस के अवसर पर होली ट्रिनिटी चर्च में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। शाम ढलते ही चर्च परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जहां रंगीन लाइटों की चमक से आसपास का पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो उठा। प्रभु यीशु के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ईसाई समाज के लोग शामिल हुए। इस दौरान कैरोल गायन हुआ और प्रभु यीशु के जन्म से जुड़ी झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।


रात 12 बजे प्रभु यीशु के जन्म की विशेष प्रार्थना के बाद केक काटा गया और लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। चर्च परिसर में प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश गूंजता रहा। बच्चे सांता क्लॉज की वेशभूषा में उत्साह के साथ इस पर्व में शामिल दिखे, वहीं युवाओं में भी खासा जोश नजर आया


क्रिसमस की पूर्व संध्या पर शहर की केक दुकानों में भी जबरदस्त भीड़ देखी गई। वीर कुंवर सिंह उद्यान गेट के पास स्थित मुस्कान बेकरी के संचालक सोनू गुप्ता ने बताया कि क्रिसमस के दौरान केक की मांग सामान्य दिनों की तुलना में करीब तीन गुना तक बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर 15 से अधिक प्रकार के केक उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस वर्ष रिच प्लम और रम प्लम केक की सबसे अधिक मांग है, जिन्हें लोग विशेष ऑर्डर पर बनवा रहे हैं।