आज़मगढ़। जिले के लिए गौरव का क्षण तब आया, जब जनपद के एक प्रगतिशील किसान को राष्ट्रीय मंच पर नवाचार और तकनीकी सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया। नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में आज़मगढ़ के किसान की उपलब्धियों की सराहना की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) के सभागार में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर दो दिवसीय आईएआरआई नवोन्मेषी किसान कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया।


23 और 24 दिसंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद आज़मगढ़ के अजमतगढ़ क्षेत्र अंतर्गत कोंठा गांव के निवासी प्रगतिशील किसान वंश गोपाल सिंह को उनके कृषि नवाचारों और तकनीकी सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया।


कॉन्क्लेव के दौरान किसानों के नवाचार, आधुनिक तकनीक और कृषि विकास से जुड़े विषयों पर परिचर्चा हुई, जिसमें सक्रिय सहभागिता के लिए वंश गोपाल सिंह को पद्मभूषण डॉ. राजेन्द्र सिंह परोदा द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।


इस सम्मान समारोह में कृषि निदेशक डॉ. सीएच श्रीनिवास राव, संयुक्त निदेशक प्रसार डॉ. रविंद्र नाथ पडारिया, प्रभारी कैटेट डॉ. अनिल कुमार सिंह सहित कृषि क्षेत्र के कई वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ उपस्थित रहे।