रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को आजमगढ़ जनपद के ग्राम जिवली पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री विनोद राय की दिवंगत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों से मुलाकात की और अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद में बाढ़ की मौजूदा स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और वहां रहने वाले लोगों की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत किट का वितरण शीघ्रातिशीघ्र सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को आवश्यकतानुसार अन्य सभी प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा प्रभावित लोगों को समय से जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री के दौरे से प्रशासनिक अमले में भी सक्रियता बढ़ गई। अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए।