रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़ । जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के करुईं गांव में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता का शव जामुन के पेड़ पर लटकता मिला। मायके में रह रही महिला की मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, करुईं गांव निवासी 24 वर्षीय रोशनी यादव पुत्री अशोक कुमार की शादी दो वर्ष पूर्व पवई थाना क्षेत्र के खैरूद्दीनपुर निवासी अवनीश यादव से हुई थी। बीते मार्च महीने से वह मायके में रह रही थी। मंगलवार देर शाम घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटी। देर रात तक परिवार ने खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। बुधवार सुबह करीब आठ बजे अशोक के घर के पीछे खेत में चारा काटने गई एक वृद्ध महिला ने रोशनी का शव पेड़ से लटकता देखा।थोड़ी ही देर में सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
सूचना पर थानाध्यक्ष दीदारगंज राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद सीओ फूलपुर, नायब तहसीलदार मार्टीनगंज, फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम ने मौके पर जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही ससुराल पक्ष के लोग भी पति अवनीश यादव के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम की मदद से घटनास्थल की गहन पड़ताल की। सीओ फूलपुर किरनपाल सिंह और नायब तहसीलदार अरुण कौल ने निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं पर की जा रही है।
रोशनी चार बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर पर थी। पिता अशोक रोजी-रोटी के सिलसिले में लुधियाना रहते हैं ।
