रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ के सहारे लटकता हुआ मिला। गांव के पास स्थित एक कुटी के नजदीक यह दृश्य देख ग्रामीणों में सनसनी फैल गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम बर्रा निवासी एक युवती का शव अकबाली कुटी के पास पेड़ से लटका मिला। रविवार की सुबह कुछ ग्रामीण जब कुटी की ओर गए तो उन्होंने युवती का शव को पेड़ के सहारे लटकता देखा। यह देखते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चा हो रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और प्रारंभिक जांच की। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की गई। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष बरदह राजीव सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान अंजनी राजभर (24) पुत्री राजेश राजभर, निवासी ग्राम बर्रा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
वहीं घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
