रिपोर्ट: अभिषेक उपाध्याय
आजमगढ़। जिले के जहानागंज क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर हिंदू महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और हिंदू समाज की एकजुटता का संदेश दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को जहानागंज स्थित एक मैरेज हाल के प्रांगण में आयोजित हिंदू महासम्मेलन में बड़ी संख्या में संघ स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के शुभारम्भ में विभागीय प्रचारक दीनानाथ ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि विभागीय प्रचारक दीनानाथ रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता श्याम कन्हैया श्रीवास्तव ने की और संचालन कार्तिक मिश्रा ने किया। अपने संबोधन में मुख्य वक्ता दीनानाथ ने सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि हिंदू समाज किसी वर्ग में बंटा नहीं है, बल्कि एक है।
उन्होंने कहा कि हिंदुत्व की आत्मा जीवित रहने तक भारत सुरक्षित रहेगा और भारत की पहचान उसकी संस्कृति व हिंदुत्व से है। साथ ही उन्होंने समाज में किसी भी प्रकार के भेदभाव को समाप्त कर एकता बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख रमेश कन्नौजिया, एसकेडी के प्रबंधक विजय बहादुर सिंह, पूर्व प्रधान डब्बू सिंह, भाजपा नेता हरेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह, आनंद गुप्ता, अखिलेश सिंह सहित सैकड़ों स्वयंसेवक व अन्य लोग उपस्थित रहे।
