रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के तरवां थाना क्षेत्र से पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जान से मारने की नीयत से हमला करने के मामले में वांछित चल रहा आरोपी आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। थानाध्यक्ष तरवां चन्द्रदीप कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर पकड़ीं मोड़ से आरोपी को धर दबोचा।
पीड़ित खेदू राम निवासी तरवां (कटाई) ने बीते 5 अक्टूबर को थाने में प्रार्थना पत्र दिया था कि 4 अक्टूबर की रात भोज के दौरान उनकी बच्ची के साथ जातिसूचक टिप्पणी कर विवाद उत्पन्न हुआ। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे रामजनम राजभर समेत दर्जनभर लोगों ने उनके घर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, तोड़फोड़ की और परिवार के सदस्यों को बुरी तरह घायल कर दिया। इस घटना में कमलेश, राजेश, अंकित, सविता, सन्तरा देवी, रीला देवी और सरोजा देवी गंभीर रूप से घायल हुए थे।
थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना क्षेत्राधिकारी लालगंज द्वारा की जा रही थी। पुलिस लगातार अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी। बुधवार देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वांछित अभियुक्त विपुल यादव पुत्र रामअवध यादव निवासी ग्राम तरवां (कटाई) को पकड़ीं मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
