आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने मंगलवार को नियम-110 के तहत फूलपुर में स्थाई मिर्च मंडी स्थापित किए जाने का मुद्दा सदन में उठाया। इस पर सभापति ने मामले को प्रभावी कार्यवाही के लिए सरकार को भेज दिया।
एमएलसी पाठक ने कहा कि जिले के फूलपुर कस्बे में मंडी की स्थाई व्यवस्था न होने से किसानों और व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि फूलपुर में लाल भरूआ मिर्च की मंडी पिछले करीब 50 वर्षों से लगती आ रही है। यहां की लाल मिर्च प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ झारखंड, मध्य प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल तक भेजी जाती है।
इसके बावजूद स्थाई मंडी की व्यवस्था न होने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यहां से जौनपुर की शाहगंज मंडी समिति द्वारा किसानों से विक्रय शुल्क तो लिया जाता है, लेकिन उन्हें समुचित सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं। व्यापारी और किसान लंबे समय से स्थाई मंडी समिति के लिए स्थान सुनिश्चित किए जाने की मांग कर रहे हैं।
बच्चों में मोबाइल की लत पर भी उठाया प्रश्न
एमएलसी पाठक ने नियम-110 के तहत जनहित से जुड़े एक अन्य विषय को भी सदन में उठाया। उन्होंने बच्चों में तेजी से बढ़ रही मोबाइल की लत पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कोविड-19 काल में स्कूलों में डिजिटल पढ़ाई की व्यवस्था समय की आवश्यकता थी, लेकिन बाद में उसे नियंत्रित करने के बजाय लगातार जारी रखा गया, जिससे बच्चों में मोबाइल के अत्यधिक उपयोग की प्रवृत्ति बढ़ी है।
इस विषय को भी सभापति ने प्रभावी कार्रवाई के लिए सरकार को प्रेषित कर दिया।
